युवती द्वारा आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। युवक पर आरोप है कि चार साल संपर्क में रहने के बाद उसने शादी से इंकार कर दिया था, जिससे युवती आहत थी। युवक को जेल भेजने के बाद पुलिस प्रकरण की छानबीन में जुट गई है।
हाथरस शहर की रहने वाली युवती ने 29 दिसंबर की दोपहर मौसी के घर पर वीडियो बनाकर जान दे दी थी। परिजनों ने बिना किसी संदेह के आनन-फानन शव का अंतिम संस्कार कर दिया था, लेकिन जब परिजनों ने वीडियो देखी तो उन्हें आत्महत्या करने की जानकारी हुई। लडक़ी की मां के अनुसार युवती ने वीडियो बनाकर मौसी के मोबाइल पर डाला था।
यह भी पढ़ें... मैं तो जा रही हूं तू भी नहीं बचेगा: मुझसे नहीं होता मूव ऑन... 1.14 मिनट का वीडियो बना युवती ने दी जान
मौसी ने जब वीडियो देखा तो मां को खबर की। इसके बाद परिजन 30 दिसंबर को कोतवाली सदर पहुंचे तथा युवक के खिलाफ शिकायत की। पुलिस ने आरोपी आकाश के खिलाफ हत्या के लिए उकसाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। लड़की की मां का आरोप था कि उनकी बेटी युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक व उसके परिजनों ने मना कर दिया था।
एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने बताया कि आरोपी युवक को 31 दिसंबर की सुबह आगरा रोड बंबा पर नगला भोजा के पास से गिरफ्तार कर लिया है। उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से जेल भेजा गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में छानबीन की जा रही है।