मुठभेड़ के दौरान पकड़ा गया बदमाश सोनू।
- फोटो : SIKANDHRA RAHU
संवाद न्यूज एजेंसी, सिकंदराराऊ।
शनिवार की रात एटा बॉर्डर पर हुई मुठभेड़ में कोतवाली पुलिस ने आधा दर्जन मामलों में वांछित शराब माफिया सोनू को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर चार बदमाश फरार हो गए। गिरफ्तार सोनू के पास से एक तमंचा व कई कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।
बता दें कि एटा बॉर्डर के गांव राजपुर भिसी मिर्जापुर निवासी सोनू पुत्र जगदीश काफी समय से शराब का धंधा कर रहा था। वह दूसरे प्रांत से शराब लाकर उसके लेबल बदल कर बेचा करता था। उस पर सिकंदराराऊ तथा एटा जनपद थाने में आधा दर्जन से ज्यादा शराब तस्करी व अन्य मुकदमे चल रहे हैं। यह कई मामलों में फरार चल रहा था। शनिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि आज रात सोनू अपने गांव आ रहा है।
मुखबिर ने उस गाड़ी का नंबर भी बताया जिससे सोनू आ रहा था। सूचना पर कोतवाल प्रवेश राना, एसआई अनिल यादव, एसआई असदुल्लाह के साथ पूरे दल बल के साथ एटा बॉर्डर पर जम गए। रात में एक गाड़ी जिस पर कासगंज का नंबर था एटा की तरफ से आती दिखाई दी। पुलिस के रोकने पर चालक ने गाड़ी में बैक गियर लगा दिया। हालांकि, इस दौरान गाड़ी बंद हो गई। पुलिस को गाड़ी में से चार युवक उतरे और फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस वालों ने भी फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान भोला, जागेश्वर, शिवकुमार व एक अन्य दूसरी गाड़ी में बैठकर भाग गए। सोनू चलती गाड़ी में नहीं चढ़ सका और पुलिस ने उसे दबोच लिया।