सादाबाद। कोतवाली क्षेत्र के राया रोड पर बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए।
राया रोड निवासी भूपेंद्र कुमार उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में संविदा चालक हैं। उनकी ससुराल औरैया जिले के बिधूना में है। ससुर के निधन के चलते वह परिवार के साथ वहां गए हुए थे। घर बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान में प्रवेश किया और कमरों तथा अलमारियों के ताले तोड़कर कीमती सामान समेट लिया। शुक्रवार शाम भूपेंद्र परिवार के साथ वापस लौटे तो मकान के अंदर कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। पीड़ित के मुताबिक चोर लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहने चोरी कर ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल कर पीड़ित से घटना की जानकारी ली।
एसओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि घटना संदिग्ध प्रतीत हो रही है। ना ही घर के अंदर कोई ताले टूटे हैं। घटना की जांच पड़ताल की जा रही है। घटना के संबंध में कोई तहरीर भी नहीं मिली है।