क्षेत्र की ग्राम पंचायत बसई बावस में कुछ किसान सिंचाई विभाग के अधिकारियों की अनदेखी के चलते फर्जी कुलावे के माध्यम से अवैध रूप से सिंचाई कर रहे हैं। इस संबंध में क्षेत्र पंचायत सदस्य संजय जाटव ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में कोतवाली में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य ने कहा है कि ग्राम पंचायत बसई बाबस में होकर जाने वाले सुहावली रजबहा में तीन किसानों ने अवैध रूप से फर्जी कुलावे डाल रखे हैं। इस कारण ग्राम पंचायत के अन्य किसानों को रजबहे में आने वाले पानी का लाभ नहीं मिल पा रहा। आरोप है कि 21 मई को सुबह साढ़े सात बजे से यह किसान अवैध रूप से रजबहा की सरकारी पटरी पर ट्रॉली रखकर चला रहे हैं। सरकारी पटरी को फर्जी कुलावा डालकर और ट्राॅली रखकर क्षतिग्रस्त किया जा रहा है, जिससे सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा है। आरोप है कि उन्होंने आरोपियों से इस पर एतराज जताया तो उन्होंने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने कोतवाली निरीक्षक से भी इसकी शिकायत की है। कोतवाली निरीक्षक अवधेश कुमार सिंह का कहना है कि शिकायत मिली है, जिसके आधार पर बनवारी, रामखिलाड़ी व कालीचरण के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।