संवाद न्यू एजेंसी, हाथरस।
सोमवार को जिले के लोगों को इंटरनेट कनेक्टिविटी न आने के चलते दिक्कतों से जूझना पड़ा। शहर में अमृत योजना के तहत हो रही खुदाई के कारण कई स्थानों पर केबल कट गई। वहीं सासनी ओएफसी केबल कटने के कारण भी इंटरनेट कनेक्टिविटी गायब रही। कुल मिलाकर सरकारी कार्यालयों में कामकाज नहीं हो सका।
बीएसएनएल की इंटरनेट कनेक्टिविटी गायब होना आम बात हो गई है। इसका खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। सोमवार को अमृत योजना के तहत शहर के वसुंधरा, तालाब चौराहा, अइयापुर सहित कई स्थानों पर खुदाई के दौरान केबल कट गई। इस कारण काफी फोन शोपीस बन गए। वहीं सासनी में ओएफसी केबल कटने के कारण इंटरनेट कनेक्टिविटी गायब रही। कनेक्टिविटी न आने के कारण एआरटीओ, बिजली, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर भी कनेक्टिविटी गायब रही। सुबह से शाम तक लोगों को दिक्कतों से जूझना पड़ा। काम के लिए पहुंचे लोगों को कार्यालयों से बैरंग लौटना पड़ा। इस मामले में बीएसएनल के आदर्श कुमार का कहना है कि सासनी में ओएफसी केबल कट गई थी। इस कारण कुछ समय के लिए दिक्कत हुई है। वहीं एसडीओ फोन अभिषेक कुमार कहना है कि अमृत योजना के तहत खुदाई के दौरान चार स्थानों पर केबल कट गई है। इस कारण कुछ फोन बंद हो गए हैं।