गांव जोगिया में शराब के नशे में ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़ने के बाद करंट से झुलसा युवक। संवाद
- फोटो : Samvad
हाथरस। गांव जोगिया में बुधवार देर रात 27 वर्षीय भीमसेन का धनतेरस पर स्कूटी दिलाने की जिद पर मां से विवाद हो गया। इसके बाद युवक ने शराब पी और फिर घर के पास लगे ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़ गया। इस बीच वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और धमाके के साथ सड़क पर जा गिरा।
भीमसेन को गंभीर हालत में जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया। उसके बहनोई ने बताया कि वह शादीशुदा नहीं है। कई दिनों से वह स्कूटी के लिए जिद कर रहा था। आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण परिजनों ने बात को टालने के लिए धनतेरस पर स्कूटी दिलाने का आश्वासन दे दिया था।
बुधवार को उसे अहसास हुआ कि स्कूटी नहीं मिलेगी। इस बात पर शाम को उसकी मां से कहासुनी भी हुई। मां के साफ मना करने पर वह घर से चला गया और देर रात शराब के अत्यधिक नशे में घर पहुंचा। मां से दोबारा कहासुनी हुई और इसके बाद रात करीब एक बजे वह गुस्से में घर से बाहर निकला और ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़ गया और हंगामा काटने लगा।
इस दौरान बिजली की तारों के संपर्क में आते ही उसे जोरदार करंट लगा, जिससे वह बुरी तरह झुलसकर जमीन पर आ गिरा। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों व ग्रामीणों ने तुरंत उसे संभाला और जिला अस्पताल पहुंचाया। सीएमएस डाॅ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि युवक 40 फीसदी झुलस गया है। उसका उपचार किया जा रहा है। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि युवक स्वयं ट्रांसफाॅर्मर पर चढ़ गया था। मामले में परिजनों से जानकारी ली जा रही है।