हाथरस : सादाबाद विकास खंड कार्यालय पर नामांकन पत्रों की बिक्री करते ब्लॉक कर्मी।
- फोटो : SADABAD
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सादाबाद (हाथरस)
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की अधिसूचना जारी होते ही निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। खंड विकास अधिकारी कार्यालय पर शनिवार को ग्राम प्रधान पद और सदस्य पद के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री की गई। ग्राम प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र खरीदने वालों और उनके समर्थकों की भीड़ रही। काउंटरों भी सुबह से लेकर लंबी लाइन लगी रही। इधर, आरक्षण की सूची देखने वालों की भी भीड़ रही।
गौरतलब है कि जिले में पहले ही चरण में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव आयोजित होना है। लिहाजा यहां नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। पहले दिन विकास खंड कार्यालय पर बनाए गए तीन काउंटरों पर ग्राम प्रधान पद के लिए 164, ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 20 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए 41 नामांकन पत्रों सहित कुल 225 नामाकंन पत्रों की बिक्री की गई।
एडीओ पंचायत दिनेश सिंघल ने बताया कि रविवार और सोमवार को खंड विकास कार्यालय पर नामांकन पत्रों की बिक्री की जाएगी। इस काम में ब्लाक कर्मियों का सहयोग सराहनीय रहा। तहसीलदार ज्योत्स्ना सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर नामांकन पत्रों की बिक्री का जायजा लिया और ब्लॉक कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।