संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोविड-19 महामारी के कारण विद्यार्थी घर से नहीं निकल पा रहे हैं। उनके अभिभावक भी काफी परेशान हैं, लेकिन नौवीं और 11वीं के अग्रिम पंजीकरण और दसवीं व 12वीं कक्षा के परीक्षा आवेदन की प्रक्रिया के लिए प्रधानाचार्यों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। अगर कोई भी विद्यार्थी पंजीकरण व परीक्षा आवेदन करने से रहता है तो इसके लिए प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे। इसको लेकर डीआईओएस ने पत्र जारी किया है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद प्रयागराज ने अग्रिम पंजीकरण व बोर्ड परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। इसे लेकर डीआईओएस सुनील कुमार ने पत्र जारी कर निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक दिशा में शासन द्वारा बढ़ाई गई तिथियों के अनुरूप नौवीं से 12वीं कक्षा तक के सभी संस्थागत छात्र-छात्राओं का प्रवेश लेना सुनिश्चित करें। नौवीं और 11वीं कक्षा के अभ्यर्थियों का अग्रिम पंजीकरण और 10वीं व 12वीं कक्षा के संस्थागत व व्यक्तिगत अभ्यर्थियों के परीक्षा आवेदन पत्रों को ऑनलाइन भरवाने के साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी छात्र-छात्रा शैक्षिक सत्र 2020-21 में कक्षा नौवीं से 12वीं तक संस्थागत अभ्यर्थी के रूप में प्रवेश और अग्रिम पंजीकरण आवेदन पत्र भरने से वंचित नहीं रहना चाहिए। अगर कोई पंजीकरण व परीक्षा आवेदन भरने से छूटता है तो इसके लिए प्रधानाचार्य जिम्मेदार होंगे।