न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
ऑल इंडिया मनरेगा एंपलाइज यूनियन के आह्वान पर यहां भी हाथरस विकास खंड के सभी मनरेगा कर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया और कलमबंद हड़ताल का समर्थन किया। यह हड़ताल बृहस्पतिवार को भी जारी रहेगी। इसका नेतृत्व ग्राम रोजगार सेवक संघ के कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रविकांत शर्मा ने किया।
वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा कर्मियों के उत्पीड़न, शोषण और अल्प मानदेय के विरोध में यह हड़ताल की गई है। इस मौके पर मनरेगा कर्मियों को स्वास्थ्य दुर्घटना बीमा योजना का लाभ दिलाने, मानदेय भुगतान के लिए कंटीजेंसी पर आधारित व्यवस्था को समाप्त करने, नगर निकाय में शामिल हो चुकी ग्राम पंचायतों के ग्राम रोजगार सेवकों को रिक्त ग्राम पंचायतों में समायोजित करने, पद के समान वेतन निर्धारित करने जैसी मांगें की गई हैं।
राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष रामकुमार गोस्वामी ने भी इसका समर्थन किया। इस मौके पर नरेंद्र उपाध्याय, दिनेश पौरुष, गीता मिश्रा, मुकेश कुमार, महेशचंद्र, जितेंद्र दीक्षित, सुभाषचंद्र, अनिल कुमार, लालता प्रसाद, अनिल कुमार, सुषमा, हसन, श्यामवीर, चंद्रमोहन, वीकेंद्र कुमार, नागेंद्र, बबली शर्मा आदि मौजूद थे।