प्रदेश में डेंगू संक्रमितों के बढ़ते मामलों ने प्रदेश सरकार की चिंता बढ़ा दी है। अब शासन ने निर्देश दिए हैं कि डेंगू संक्रमित मिलने पर पीड़ित के घर के आसपास के 100 घरों में मच्छरों के स्रोत की जांच की जाए। मलेरिया विभाग की टीम मच्छरों के पनपने के स्रोत खत्म करेगी तो आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की टीम घर-घर जाकर मरीजों का हाल जानेंगी और उन्हें बीमारियों से बचाव के उपाय बताएंगी।
जिले में डेंगू और वायरल बुखार इन-दिनों खूब कहर बरपा रहा है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग इनसे पीड़ित मिल रहे हैं। सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर निजी चिकित्सकों के यहां हर दिन बड़ी संख्या में बुखार पीड़ित पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अभी तक जिले में डेंगू के 47 व मलेरिया के 14 मामले सामने आ चुके हैं। कई लोगों की बुखार व डेंगू से मौत हो चुकी है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इसे इंकार कर रहा है। आंकड़ों पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने नया आदेश जारी किया है।
नया डेंगू पीड़ित मिलने के बाद आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आसपास के घरों में जाकर सदस्यों के बारे में जानकारी करेंगी। अगर कोई बुखार, मलेरिया, टायफाइड और अन्य बीमारी से पीड़ित मिलता है तो इसकी जानकारी तुरंत उच्चधिकारियों को देंगी। मलेरिया विभाग द्वारा इन सभी 100 घरों में मच्छरों का स्रोत खत्म करने के लिए कूलर, फ्रिज की ट्रे, टायर, पुराने के कबाड़े के बर्तन और गड्ढों में जमा पानी को खाली कराया जाएगा। एंटी लार्वा दवा छिड़काव कराने के साथ फॉगिंग कराई जाएगी।
डेंगू पीड़ित मिलने पर अब 100 घरों में मच्छरों के पनपने के स्रोत खत्म करने की कार्यवाही की जाएगी। आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सर्वे कर मरीजों की जानकारी जुटाएंगी। मलेरिया विभाग द्वारा एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कराया जाएगा और फॉगिंग कराई जाएगी।
-डॉ. नरेश गोयल, प्रभारी सीएमओ
नगला पोपा में मिला बुखार का मरीज
हाथरस। मलेरिया विभाग की टीम ने बुखार का मरीज मिलने के बाद ब्लॉक सासनी के गांव नगला पोपा एवं गांव नगरा कल्याणपुर में संचारी रोगों से बचाव के एहतियाती उपाय किए। टीम ने घर-घर भ्रमण कर मच्छरों के पनपने के स्रोत समाप्त करने की कार्यवाही की। लोगों को मच्छरों से होने वाली बीमारियों के प्रति सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया। टीम में एमआई सुनील कुमार शर्मा, अनंत कुमार, आईएफडब्ल्यू. रामकुमार व आकाश कौशिक आदि उपस्थित रहे। संवाद