गांव वासबित्ता में एक गर्भवती महिला विजय ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता ने कोतवाली में मृतका के सुसर, सास, पति, देवर और ननद के खिलाफ पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की शिकायत दर्ज कराई थी।
सहपऊ कोतवाली पुलिस ने गर्भवती विवाहिता की आत्महत्या के मामले में एक महिला सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पोस्टमार्टम में जब मृतक महिला के गर्भ से बच्चा निकाला तो उसको देखकर सभी भावुक हो गए।
विज्ञापन
उल्लेखनीय है कि गांव वासबित्ता में 29 अगस्त सुबह करीब साढ़े सात बजे एक गर्भवती महिला विजय ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता प्रताप सिंह निवासी नगला फत्ता ने कोतवाली में मृतका के सुसर सोरन सिंह, सास सुमन देवी, पति रविकांत बघेल, देवर गौरव बघेल और ननद ललिता देवी के खिलाफ पुत्री को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने सुसर, सास व पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अन्य की तलाश जारी है।
पोस्टमार्टम में मृतका के गर्भ से निकला मृत बच्चा
गांव वासबित्ता की मृतका विजय सात माह की गर्भवती थी। हाथरस में जब चिकित्सकों ने उसका पोस्टमार्टम किया तो उसके गर्भ से बच्चा मृत हालत में निकला। नगला फत्ता में 29 अगस्त को जिस समय मृतका का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया, उसी समय उसके गर्भ से निकले मृत बच्चे को दफनाया गया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो गए।