हाथरस। मौसम विभाग ने फिर से 12 से 15 मई तक तूफान आने का अलर्ट जारी किया है। अपर जिलाधिकारी रेखा एस चौहान ने इसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत तूफान से बचाव के लिए जन सामान्य को आगाह किया है।
उन्होंने जन सामान्य की सुरक्षा के लिए कुछ अधिकारियों और जन सामान्य को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि तूफान के समय वाहन नहीं चलाएं। वाहन को किसी सुरक्षित जगह पर खड़ा करें, किसी पेड़ विद्युत खंभे, होर्डिंग्स, स्वयं अथवा अपने पड़ोसी के कच्चे-जर्जर मकान, इमारत, दीवार से तत्काल दूर सुरक्षित खुले स्थान पर चले जाएं। यदि भवन की हालत अच्छी हो तो घर के बाहर नहीं निकलें। सामान्य जरूरत की वस्तुएं घर पर रखें।
प्रकाश और पानी की व्यवस्था करके रखें। बच्चों को बाहर नहीं निकलने दें। विद्युत उपकरणों से दूर रहें। बच्चों को भी विद्युत उपकरणों से दूर रखें। आसपास मौजूद लोगों को सहायता से बचाव और मदद का प्रयास करें। टॉर्च, कुल्हाड़ी और सीटी जैसी आवश्यकता वाली वस्तुएं राहत एवं बचाव के समय उपयोगी साबित हो सकती है। सड़क पर यातायात व्यवस्था बनी रहे, इसके लिये धैर्य धारण करें, हड़बड़ाएं नहीं, अपनी लाइन में चलें। गलत लाइन में वाहन नहीं ले जाएं।
यातायात के नियमों का पालन करें। तूफान में फंस जाने पर घरवालों को फोन द्वारा अपनी कुशलता की सूचना अवश्य दें, जिससे परिजन घबराएं नहीं। स्वयं सतर्क रहें और कोई हादसा होने पर लोगों की मदद करें तथा पुलिस प्रशासन का भी सहयोग करें।