हाथरस में आंधी बारिश आने के बाद कमला बाजार में गिरे मकान को देखते लोग।
- फोटो : Amar Ujala
बुधवार शाम आए तेज आंधी-तूफान के दौरान बिजली गिरने से गांव मोहब्बतपुरा में एक युवक की मौत हो गई जबकि गांव नगला आम में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पेड़ और दीवार आदि गिरने के अलग-अलग हादसों में कई लोग घायल हो गए। चंदपा क्षेत्र में तेज आंधी में उड़ी टिन से एक गाय की गर्दन कट गई।
हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव मोहब्बतपुरा में तूफान के कारण एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तूफान से पहले तेज हवा और बारिश होने से भूपेंद्र (18) पुत्र योगेंद्र कुमार पास बंधी भैंसों को खोलकर घर के अंदर ला रहा था तभी उस पर आकाशीय बिजली गिर गई। मौके पर भूपेंद्र की मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे से परिवार के लोग गहरे सदमे में है। हादसे के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भूपेंद्र के घर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
वहीं शहर के बर्फखाना इलाके में एक मकान पर मिल की पुरानी दीवार गिर गई। हादसे में पिता-पुत्र समेत पांच लोग घायल हो गए। बर्फखाने में गोपालदास पुत्र बाबूलाल का मकान है। गोपालदास (55) अपने तीनों बेटों के साथ अपने मकान में बर्तन तैयार करने का काम करते हैं। बुधवार शाम पिता- तीन पुत्र और एक कारीगर मकान में बर्तन पीटने का काम कर रहे थे। तेज आंधी-तूफान में मकान के ठीक पीछे मौजूद मिल की पुरानी दीवार गिर गई। यह दीवार काफी पुरानी थी।
दीवार के साथ ही छत भी धराशाई हो गई। गोपालदास, उनके बेटे दिलीप, सोनू, विनीत और कारीगर मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया। इससे मौके पर मदद को कई लोग इकट्ठा हो गए। आनन-फानन में लोगों ने मलबे के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। यूपी 100 की पीआरवी घायलों को लेकर जिला अस्पताल पहुंची जहां सभी की हालत खतरे से बाहर बताई गई। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
इसके अलावा मुरसान में छोटे बाजार में श्रीभगवान की दुकान पर नीम का पेड़ गिर गया। पेड़ गिरते ही लोगों में भगदड़ मच गई। हादसे में दुकान मालिक बाल-बाल बच गया। वहीं मुरसान में ही पुष्पा देवी पत्नी भगवान सिंह निवासी बुद्ध विहार कॉलोनी छत पर बेटे की लगन सगाई के कार्यक्रम में व्यस्त थीं। तूफान के दौरान पास की छत पर रखा एक प्लाई बोर्ड तेज हवा के साथ उड़कर उनसे टकराया, जिससे वह घायल हो गईं। मथुरा रोड पर स्पोर्ट्स स्टेडियम की दीवार को भी आंधी से नुकसान पहुंचा है। हसायन क्षेत्र के गांव नगला आम में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से चंद्रवती पत्नी धर्मपाल भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। चंदपा क्षेत्र के गांव शहजादपुर में तेज आंधी में उड़ी टिन से नरेंद्र सिंह के प्लॉट में बंधी गाय की गर्दन कट गई।
तूफान में मोहब्बतपुरा में एक युवक की मौत हुई है। पुराने बर्फखाने में मकान की छत गिरने से कई लोग घायल हुए हैं। मौके पर जाकर हालात का जायजा लिया गया है।
- अरुण कुमार सिंह, एसडीएम