न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव में देर रात को शौच के लिए गई दसवीं कक्षा की 15 वर्षीय छात्रा को दूसरे समुदाय का युवक जबरन खींच ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजन किशोरी की तलाश करते हुए मौके पर पहुंचे तो आरोपी किशोरी की मां को धक्का देकर भाग गया। उसके साथ दो युवक और थे। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच सीओ सिटी कर रही हैं। मामला दो समुदायों का होने के कारण हिंदू संगठनों के लोग भी थाने पहुंच गए और दो अन्य युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।
15 वर्षीय किशोरी पास ही के एक इंटर कॉलेज में 10वीं कक्षा में पढ़ती है। पीड़ित के पिता ने बताया कि उनकी बेटी को बुधवार और बृहस्पतिवार की रात को दस्त की शिकायत हुई। रात को करीब दो बजे घर के बाहर बने शौचालय में वह कई बार शौच के लिए गई। इस बीच आरोपी उसे उठाकर पास में खंडहर पड़े एक स्थान पर ले गया और उसके साथ गलत काम किया। बेटी के अचानक लापता होने पर उसकी मां व पिता उसकी तलाश करते हुए बाहर गए तो आरोपी उन्हें देखकर भाग गया। उसके साथ एक नामजद और एक अज्ञात व्यक्ति भी बताया जा रहा है।
आरोपी युवक दूसरे समुदाय का है। पुलिस मौके पर पहुंच गई और पीड़ित किशोरी के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी शाहिद के खिलाफ पॉक्सो, 378 व एससी, एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले की जानकारी हिंदू संगठनों के लोगों को हुई तो वह भी बृहस्पतिवार की सुबह थाने पहुुंच गए और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। किशोरी का पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण कराया। इस मामले की जांच सीओ सिटी कर रही है। संवाद
इस मामले में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता का डॉक्टरी परीक्षण कराया गया है। रही बात एक नामजद और एक अन्य के खिलाफ कार्रवाई की तो जांच के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-रुचि गुप्ता, सीओ सदर