संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कर्मियों की ड्यूटी चुनाव में लगने की वजह से शहर के सभी बैंकों में कामकाज ठप पड़े हैं। एटीएम में भी पैसे नहीं हैं। ऐसे में सहालग में लोगों को पैसे के लिए इधर से उधर भटकना पड़ रहा है। बैंकों में गार्ड के अलावा कोई कर्मचारी नहीं है। एटीएम शोपीस बने हुए हैं।
बता दें कि जिले में लगभग 90 बैंक शाखाएं एवं 100 एटीएम हैं। इनमें लगभग 400 नियमित कर्मी काम करते हैं। जिसमें 300 बैंक कर्मियों की ड्यूटी चुनाव में लगी हुई है।
चुनाव में ड्यूटी होने के कारण बैंकों में सन्नाटा पसरा है। एटीएम में कैश ट्रे लोड करने वाले कर्मी की ड्यूटी भी चुनाव में लग गई है। इससे अधिकांश एटीएम खाली पड़े हैं। शादी के सीजन में पैसे निकालने के लिए लोग दिन भर एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकते रहे।
- बैंक में काम से आए थे। एटीएम से नकदी भी निकालनी थी। लेकिन एटीएम की कैश ट्रे खाली है। बैंक में कर्मी गायब है। इस कारण नकदी की काफी परेशानी हो रही है। - जीतू, उपभोक्ता।
- एटीएम में इधर-उधर घूम रहा हूं। कुछ में कनेक्टिविटी की दिक्कत है तो कुछ में कैश खत्म हो गया है। इस कारण नकदी नहीं मिल पा रही है। - मोहित, उपभोक्ता ।