न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शासन की प्राथमिकताओं वाले बिंदुओं की मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर ने ब्लॉक वार समीक्षा की। बैठक में समीक्षा के दौरान गैरहाजिर रहने वाले दो ग्राम पंचायत अधिकारियों व एक ग्राम विकास अधिकारी का एक दिन का वेतन अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश जारी किए गए हैं।
जिले में संचालित शासन की प्राथमिकता वाले बिंदुओं की सीडीओ आरबी भास्कर द्वारा विकास खंड बार समीक्षा की जा रही है। इस दौरान योजनाओं की प्रगति का पंचायत सचिव वार अवलोकन किया जा रहा है। इस क्रम में ब्लॉक सादाबाद, सिकंदराराऊ व सहपऊ में विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। ब्लॉक सिकंदाराराऊ में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ऋषि कुमार शर्मा, ब्लॉक सहपऊ में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी रामेंद्र सिंह व ग्राम विकास अधिकारी प्रदीप कुमार गौतम गैरहाजिर रहे।
डीपीआरओ बनवारी सिंह ने इन ग्राम पंचायत अधिकारियों व ग्राम विकास अधिकारी का एक दिन का वेतन रोकने आदेश जारी किए हैं। वहीं सभी पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब किया है। उन्होंने कहा है कि स्पष्टीकरण न देने की दशा में विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।