संवाद न्यूज एजेंसी, सासनी।
न्याय चक्र फाउंडेशन की टीम सोमवार को भी पराग डेयरी में बनी अस्थाई गोशाला का जायजा लेने पहुंची। लगातार दूसरे दिन भी टीम को गोशाला के अंदर प्रवेश नहीं दिया गया, इससे नाराज कार्यकर्ता गोशाला के गेट पर ही धरने पर बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। टीम ने एसडीएम नीतू रानी को भी लिखित शिकायत प्रेषित की।
टीम के सदस्यों का आरोप है कि पराग डेयरी में बनी गोशाला में गोवंश भूख प्यास से तड़-तड़प कर मर रहे हैं। कर्मचारी गोशाला में अंदर जाने नहीं देते हैं। न्याय चक्र फाउंडेशन की टीम ने गोशाला के अंदर जाकर जायजा लेने की अनुमति की मांग की है।
फाउंडेशन की टीम का कहना है कि शासन द्वारा एक गाय के लिए 30 रुपये दिए जा रहे हैं जो नाकाफी है। शिकायत करने वालों में विष्णु मिश्रा, भानू शर्मा, जितेंद्र कुमार, मनीष मिश्रा, अनुज दीक्षित, राकेश सेंगर, सचिन शर्मा आदि थे।
पशु चिकित्सा पदाधिकारी व बीडीओ ने निरीक्षण कर भेजी रिपोर्ट
न्याय चक्र फाउंडेशन द्वारा सासनी की अस्थायी गोशाला में अव्यवस्थाओं पर सवाल उठाने से प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आ गए हैं। सोमवार को प्रभारी पशु चिकित्सा पदाधिकारी सासनी एवं खंड विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से निरीक्षण कर आख्या भेजी है।
जिसमें उल्लेख है कि फाउंडेशन के कार्यकर्ताओं ने बाहर से ही मृत गोवंश का फोटो ले लिया है। निरीक्षण के समय छह गोवंश बीमार पाये गए। उनका उपचार किया जा रहा है। अतिरिक्त पशु चिकित्साधिकारी एवं जिला विकास अधिकारी ने गोशाला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गोशाला में अव्यवस्थाएं मिली। संवाद