न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
शहर में बुधवार को भी कई घंटे तक तेज बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन बारिश आफत भी लेकर आई। बारिश से शहर के ज्यादातर इलाकों में पानी भर गया। नाले-नालियाें का पानी उफनकर सड़क पर आ गया। कई इलाकों में तो गंदा पानी घरों और सरकारी दफ्तरों में भर गया। बरसात से सामान्य दिनचर्या प्रभावित हुई। बारिश तो शाम को थम गई, लेकिन कई मोहल्लों में जलभराव से हालात भयावह हो गए। कई स्थानों पर मकान भी भरभराकर गिर गए।
मंगलवार की रात्रि और फिर बुधवार की दिन में शहर में कई घंटे तेज बारिश हुई। बारिश ने नगर पालिका की सीवरेज और ड्रेनेज व्यवस्था की कलई खोल दी। बारिश से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली, लेकिन शहर के कई मुख्य बाजारों, गली-मोहल्लों व कॉलोनियों में पानी भर गया।
नाले-नालियाें का पानी उफनकर सड़क पर आ गया। शहर के जलेसर रोड, मोहनगंज, डाकखाना वाली गली, मेंडू गेट, भूरापीर, सीयल खेड़ा, किला गेट, सासनी गेट, तरफरा रोड, कर्बला रोड, ढकपुरा रोड, नाई का नगला, बालापट्टी, लाला का नगला, मधुगढ़ी, विष्णुपुरी, कैलाशनगर, श्रीनगर, आवास-विकास कॉलोनी, स्टेट बैंक कॉलोनी सहित ज्यादातर इलाकों में पानी भर गया। कुछ इलाकों में नाले-नालियों का गंदा पानी घरों में घुस गया और लोगों को काफी दिक्कतों तो सामना करना पड़ा। यही नहीं कोतवाली सदर, बागला जिला अस्पताल परिसर, सीएमओ कार्यालय परिसर में भी पानी भर गया।
कई स्थानों पर बारिश के चलते गिरे मकान, हुआ नुकसान
हाथरस। कई स्थानों पर बारिश के चलते मकान भी ढह गए। मंगलवार की रात को हाथरस जंक्शन के कैलोरा चौराहा निवासी साधना देवी अपने परिवार के साथ मकान के अंदर सो रही थीं। बारिश का पानी भर जाने से मकान का पिछला हिस्सा अचानक आधी रात को गिर पड़ा। वहीं कैलोरा गांव निवासी अंसार अपने परिवार के साथ मकान के अंदर सो रहा था। तभी रात में उसके मकान का अगला हिस्सा गिर गया, जिससे घरेलू सामान मलबे में दब गया। इससे काफी नुकसान हो गया। संवाद