संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ।
शनिवार की रात हुई झमाझम बारिश से कस्बा के धर्मशाला चौराहा से कस्बे की ओर आने वाले मुख्य मार्ग पर अधूरे बने नाले उफन गए। बारिश का पानी व्यापारियों की दुकानों के नीचे बने बेसमेंट में पानी भर गया। इससे व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित व्यापरी इसके लिए कुछ महत्वाकांक्षी व्यापारियों सभासदों एवं नेताओं को इसका दोष दे रहे है।
शनिवार की शाम साढ़े सात बजे से लेकर रात के दो बजे तक कस्बा एवं इसके आसपास झमाझम बारिश हुई। नाले एवं रोड पर पानी भरने से व्यापारी मुकेश तिवारी एवं दीपक शुक्ला की दुकानों के नीचे बने बेसमेंट में पानी भर गया। दोनों व्यापारियों ने रात को ही बेसमेंट में पानी रोकने की काफी कोशिश की लेकिन उसमें कामयाब नहीं हो सके।
सुबह होने पर वहां काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। सभी नगर पंचायत के साथ उस मार्ग पर काम कर रहे ठेकेदार के साथ उन व्यापारियों को दोष दे रहे था जिन्होंने रोड पर अवैध अतिक्रमण कर रखा था। मुकेश तिवारी का लगभग आठ लाख रुपये का सामान जिसमें एलईडी, लकड़ी के फर्नीचर, वाशिंग मशीन फ्रिज आदि हैं। दीपक शुक्ला के बेसमेंट में रंग रोगन के सामान के साथ पुट्टी, पीओपी आदि के लगभग चार लाख रुपये के सामान नष्ट हो गए।
बता दें कि नगर पंचायत के सभासदों, कुछ व्यापारियों एवं नगर पंचायत से विवाद के चलते मामला हाईकोर्ट में चला गया। इस वजह से अभी तक इस मार्ग पर नाला निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इससे दूसरे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।
- छह व्यापारियों, नगर पंचायत सभासदों एवं राजनीतिक लोगों ने इस मार्ग का राजनीतिक लाभ उठाने के लिए इस कार्य में व्यवधान पैदा किया। इनके विवाद में हमारा लाखों रुपये का नुकसान हो गया। - मुकेश तिवारी
- अपने अनुचित मनसूबों को सफल बनाने के लिए लोगों ने इस मार्ग को बनने को रोकने के लिए काफी प्रयास किया और काम को शुरू नहीं होने दिया। इससे हम आम व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान नष्ट हो चुुका है। - दीपक शुक्ला
- हम लोगों ने इस मार्ग को बरसात से पहले पूरा कराने की काफी कोशिश की थी लेकिन यहां के कुछ लोगों ने इसमें जो व्यवधान उत्पन्न किया, इसका नतीजा ही है कि दो व्यापारियों के बेसमेंट में पानी भरने से उनका काफी नुकसान हुआ है। ठेकेदार से इस नाले एवं मार्ग पर को अतिशीघ्र निर्माण करने के लिए कह दिया है। - नरेश सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पंचायत सहपऊ