हाथरस : गांव सूरतपुर में पंचायत घर का शुभारंभ करतीं विधायक सदर अंजुला माहौर। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के ब्लॉक हाथरस की 30 ग्राम सचिवालयों का शुभारंभ प्रभारी जिला पंचायतराज अधिकारी (डीपीआरओ) व परियोजना निदेशक ने वर्चुअल प्लेटफार्म के माध्यम से किया। विकास खंड हाथरस की ग्राम पंचायत सूरतपुर में ग्राम सचिवालय का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला माहौर ने किया।
विधायक ने कहा कि ग्राम पंचायत सचिवालय क्रियाशील करने का जो एक अभियान चलाया गया है। वास्तव में यह सराहनीय है। ग्राम पंचायतों में ग्राम सचिवालय की क्रियाशीलता से जनसाधारण की समस्याओं का निराकरण आसानी से होगा। यह एक सार्वजनिक संपत्ति है। इसको सहेजकर रखने का दायित्व ग्राम पंचायत के ही लोगों का ही है।
डीपीआरओ ने कहा कि पंचायत सचिवालय के लिए स्थल की पर्याप्त उपलब्धता न होने के फलस्वरूप ग्राम पंचायत द्वारा दो मंजिल ग्राम पंचायत सचिवालय का निर्माण कराया गया है। ग्राम पंचायत सचिवालय पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार सचिव ग्राम पंचायत उपस्थित रहकर ग्रामीण जनता की समस्याओं का निस्तारण करेंगे।
समस्त खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी आकस्मिक आधार पर प्रतिदिन पांच-पांच सचिवालयों का निरीक्षण कर आख्या प्रस्तुत करेंगे। ग्राम सचिवालय पर पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक की उपस्थिति एवं ग्राम पंचायत के समस्त अभिलेखों की अद्यतन स्थिति के संबंध में भी अवगत कराएंगे। पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक की अनुपस्थिति अथवा ग्राम पंचायत के अभिलेख पूर्ण न पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायत सचिव एवं पंचायत सहायक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद