सीएचसी परिसर में दवा वितरण नहीं होने पर आक्रोशित मरीज।
- फोटो : HASAYAN
संवाद न्यूज एजेंसी, हसायन।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी टीकाकरण कार्य में लगाए जाने के कारण यहां काउंटर पर कर्मियों की कमियों हो गई है। सोमवार को पर्चा बनाने वाले कर्मचारी के नहीं होने पर मरीजों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसके बाद पर्चा बनाने के लिए एक प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी को काउंटर पर बिठाया गया।
इधर, दवा वितरण कक्ष में एक ही फार्मासिस्ट की ड्यूटी थी, वह भी एआरवी इंजेक्शन लगाने में व्यस्त था जिसके कारण दवा वितरण कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ लग गई। मरीजों ने दवा वितरण नहीं होने से परेशान होकर नाराजगी जाहिर करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। फार्मास्सिट ने दवा वितरण कक्ष में कर्मचारियों के नहीं होने की शिकायत प्रभारी चिकित्साधिकारी विजय आनंद से कर दी।
जिसके बाद स्वास्थ्य केंद्र पर इंटर्न के लिए आए युवकों से मरीजों को दवा वितरण कराया गया। इस संबंध में प्रभारी चिकित्साधिकारी विजय आनंद ने बताया कि कर्मचारियों की ड्यूटी कोविड टीकाकरण में लगाए जाने के कारण दवा वितरण व पर्चा बनवाए जाने के लिए कुछ समय के लिए कार्य प्रभावित हो गया था।