न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
लोक निर्माण विभाग और नगर पंचायत मेंडू द्वारा साठ गांठकर एक ही सड़क निर्माण के कार्यों को दोनों विभागों द्वारा एक समय पर अलग अलग भुगतान कर गबन किए जाने की शिकायत डीएम से की गई है। आरटीआई से मिली सूचना के आधार पर नागरिक कल्याण भ्रष्टाचार एवं अपराध निवारण समिति के राष्ट्रीय महासचिव अजय कुमार शर्मा ने डीएम से इस प्रकरण की जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले में डीएम ने एडीएम को जांच करने के निर्देश दिए हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि लोनिवि द्वारा पीवी मार्ग से मिरगामई मार्ग पर सड़क निर्माण के नाम पर 16 लाख 34 हजार रुपये का भुगतान अभिलेखीय आधार पर वर्ष 2018-19 में किया गया, जबकि इस मार्ग के निर्माण के लिए वर्ष 2018-19 में भुगतान नगर पंचायत मेंडू द्वारा किया गया। एक सड़क का एक ही समय पर बिना कार्य के भुगतान वित्तीय अनियमितता की श्रेणी में आता है।
हैरानी की बात यह है कि दोनों विभागों की माप पुस्तिका का लोनिवि के सहायक अभियंता द्वारा किया गया। उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत मेंडू अध्यक्ष मनोहर सिंह आर्य द्वारा लोनिवि से प्राप्त पटरियों के निर्माण के लिए प्राप्त की गई एनओसी पर कटिंग करके परिवर्तित कर कूटरचित तरीके से एनओसी बनाई गई है। शिकायतकर्ता ने इस प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग की है। डीएम ने इस प्रकरण की जांच के लिए एडीएम को निर्देश दे दिए हैं। संवाद