हाथरस : मृतक अरुण कुमार का फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के सिकंदराराऊ रोड पर बृहस्पतिवार की सुबह एक नाले से युवक का शव बरामद हुआ है। कुछ देर बाद उसकी शिनाख्त भी हो गई। युवक एक शादी में शामिल होने के लिए अपने गांव से गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली सदर इलाके के गांव नगला भोजा निवासी धर्मपाल सिंह का 24 साल का पुत्र अरुण अपनी बाइक से गांव से गई बरात में शामिल होने के लिए हाथरस जंक्शन क्षेत्र के किसी गांव गया था, लेकिन नहीं लौटा। नाते-रिश्तेदारी सभी जगहों पर तलाश करने के बाद भी उसका कहीं पता नहीं चला। परिजन देररात को पुलिस के पास पहुंचे। इस बीच बृहस्पतिवार की सुबह सिकंदराराऊ रोड स्थित नाले में स्थानीय लोगों को एक फूली हुई लाश नजर आई। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ लग गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम गृह भेज दिया।
अरुण के परिवार के लोगों ने पोस्टमार्टमगृह पहुंचकर शव की शिनाख्त अरुण के रूप में की। परिजन वहीं रोने-बिलखने लगे। कुछ ही देर में पोस्टमार्टम गृह पर नगला भोजा के काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की बाइक तो पुलिस को नाले के पास ही क्षतिग्रस्त अवस्था में बुधवार की सुबह मिली थी। कोतवाली हाथरस गेट प्रभारी गौरव सक्सेना ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। यह दुर्घटना का मामला, क्योंकि बाइक टूटी हालत में वहीं पर मिली थी। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। संवाद