न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
विधानसभा चुनाव में मतदान के लिए मास्टर ट्रेनरों को सेंट फ्रांसिस इंटर कॉलेज में प्रशिक्षण दिया गया है। इस दौरान मास्टर ट्रेनरों को ईवीएम, वीवीपैट संचालन और मॉकपोल के बारे में प्रशिक्षण दिया गया।
विधानसभा निर्वाचन 2022 को लेकर प्रशासन की ओर से खाका खींचा जा रहा है। मतदान के लिए प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस क्रम में प्रशासन की ओर से मास्टर ट्रेनरों को आयोग के निर्देश के क्रम में प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान ईवीएम व वीवीपैट के संचालन के बारे में जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में ईवीएम व वीवीपैट शुरू होने से लेकर बंद होने तक के बारे में भी जानकारी दी गई।
मॉकपोल के बारे में भी जानकारी दी गई। मॉक पोल में मतदान कराने, पर्ची का मिलान कराने के बारे में बताया गया। मास्टर ट्रेनरों से मॉकपोल कराकर देखा गया। परियोजना निदेशक एके मिश्र ने मास्टर टे्रनरों को निर्देश देते हुए कहा कि आपके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम, द्वितीय, तृतीय मतदान प्रक्रिया को पूरी करेंगे, इसलिए सभी मास्टर ट्रेनर गंभीरता से प्रशिक्षण को लें। संवाद