न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
निजीकरण और अन्य मांगों को लेकर सोमवार को बैंक कर्मी हड़ताल पर रहेंगे। नारेबाजी के बीच प्रदर्शन करेंगे। प्रदर्शन में जिले के 39 ग्रामीण बैंक के अलावा अन्य बैंकों के कर्मचारी भी शामिल होंगे। अनुमान है कि इस दो दिवसीय हड़ताल से बैंकों का करोड़ों रुपये का टर्न ओवर प्रभावित होगा। लोगों को बैंक से संबंधित कामों को निपटाने के लिए भी इंतजार करना होगा।
उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार द्वारा बैंकों के निजीकरण पर जोर दिया जा रहा है। बैंक कर्मी इसका विरोध कर रहे हैं। बैंक कर्मियों की मांग है कि ग्रामीण बैंकों में 11वां वेतनमान समझौता व आठवां ज्वाइंट नोट बिना किसी काट-छांट के पूरी तरह लागू किया जाए।
यूएफबीयू के जिला संयोजक बीएस जैन ने बताया कि सभी कर्मी यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के झंडे तले बैंक ऑफ बड़ौदा व अलीगढ़ रोड स्थित ग्रामीण बैंक ऑफ आयावर्त बैंक पर कर्मी अपना विरोध जताएंगे। बैंकों की हड़ताल के कारण लोगों के सामने नकदी का संकट भी खड़ा हो सकता है।