न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
उच्च प्राथमिक विद्यालय कलवारी में राष्ट्रीय सेवा योजना के तहत सात दिवसीय शिविर में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति के संबंध में जागरूक किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस अधीक्षक ने स्वामी विवेकानंद के चित्र पर माल्यार्पण कर की।
एनएसएस शिविर प्रभारी डॉ. देव प्रकाश ने पुलिस अधीक्षक का स्वागत किया। बीके शांता ने भी एसपी को सम्मानित किया। एसपी विनीत जायसवाल ने सबसे पहले ब्रह्माकुमारी संस्था द्वारा छात्र-छात्राओं के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हमारा देश युवाओं का देश है। विश्व की सबसे बड़ी वर्किंग पॉपुलेशन भारत के पास है। इसके कारण पूरी दुनिया भारत के युवाओं की ओर देखती है। ब्रह्राकुमारीज जैसी संस्थाएं समाज में चरित्र निर्माण करने की दिशा में अपना अमूल्य योगदान दे रही हैं।
एसपी ने नशे के कारण शरीर पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में अवगत कराया और कहा कि शराब, तंबाकू, गुटखा और सिगरेट नशीली वस्तुओं का सेवन करने से शरीर पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। हृदय रोग, कैंसर, श्वसन तंत्र से संबंधित बीमारियां विश्व भर में मृत्यु का सबसे बड़ा कारण हैं। इनसे बचाव के लिए शराब, सिगरेट, तंबाकू आदि के नशा से खुद को बचाएं। खुराक में अधिक फैट न लें और शरीर का वजन सामान्य बनाए रखें। नियमित रूप से व्यायाम करें।
इस मौके पर डॉं. देवप्रकाश एनएसएस शिविर प्रभारी, चित्रा स्वामी प्राचार्या उच्च प्राथमिक विद्यालय कलवारी, प्राचार्य सरस्वती महाविद्यालय डॉ. अतीत श्रीवास्तव, एनसीसी प्रभारी स्वतेंद्र सिंह, बीके शांता बहन, मोहिनी बहन, बीके दिनेश, बीके गजेंद्र, हरीश शर्मा एडवोकेट, राजकुमार आदि मौजूद थे। संवाद