न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के चामुंडा देवी मंदिर से कुछ लोगों ने नकदी और अन्य सामान चोरी कर लिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने काफी खोजबीन के बाद आरोपी को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे अभी पूछताछ कर रही है।
शहर के मोहल्ला रमनपुर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के सामने माता चामुंडा का मंदिर है। यहां हर दिन सैकड़ों श्रद्धालु देवी के दर्शन के लिए आते हैं। सोमवार की सुबह करीब चार बजे श्रद्धालु जब मंदिर पहुंचे तो वहां से उन्हें काफी सामान गायब मिला।
मौके पर श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने कुछ देर बाद एक शातिर व्यक्ति को नकदी और चोरी के सामान सहित दबोच लिया। पुलिस अभी उससे पूछताछ कर रही है।