न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अक्षय तृतीया के मौके पर मंगलवार को सुबह से ही जिलेभर में भक्ति की बयार बही। कई स्थानों पर महर्षि भगवान परशुराम का जन्मोत्सव मनाया गया। पूजा-अर्चना के साथ हवन किया गया और भगवान परशुराम से सुख-समृद्धि की कामना की गई। इसके अलावा शहर के देवालयों में भी कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। फूल बंगला के साथ भव्य शृंगार किए गए। सत्तू का भोग लगाया गया।
शहर के आगरा रोड स्थित प्रयाग गार्डन में ब्राह्मण महासभा के तत्वावधान में हवन किया गया। सनत गोपाल दीक्षित के सानिध्य में पूजा-अर्चना की गई। इस दौरान विप्र बंधुओं ने हवन में आहुतियां दीं। प्रसाद का वितरण किया गया। कार्यक्रम में ब्राह्मण महासभा शोभायात्रा के अध्यक्ष शरद उपाध्याय नंदा, संयोजक बंशी पंडित, विशाल सारस्वत, राजू कौशिक, ब्लॉक प्रमुख मुरसान रामेश्वर उपाध्याय, संजू बाबा, ललितेश शर्मा, योगीराज, जितेंद्र स्वरूप शर्मा, योगेंद्र शर्मा योगा पंडित, शीलेंद्र शर्मा, बंटी दीक्षित, लोकेश शर्मा, मोहन लाल, आशीष उपाध्याय, प्रदीप शर्मा सभासद, साकेत पाराशर, बृजेश शुक्ला, बृजेश पाठक, उमेश शर्मा, दिव्यांश कौशिक आदि थे।
इसके अलावा शहर के किला परसिर स्थित दाऊजी मंदिर, रूई की मंडी स्थित कन्हैया जी मंदिर, गुड़िहाई बाजार स्थित दाऊजी मंदिर, घंटाघर स्थित गोविंद भगवान मंदिर में ठाकुर जी के भव्य शृंगार किए गए। फूलबंगला सजाया गया। कई स्थानों पर पूजा-अर्चना के साथ प्रसाद वितरण किया गया। संवाद