न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले भर में मंगलवार को अक्षय तृतीय का पर्व मनाया जाएगा। इस बार पर्व पर ग्रहों का विशेष योग बन रहा है। इस कारण शादी विवाह की धूम रहेगी। शहर के आगरा रोड स्थित प्रयाग गार्डन में विप्र समाज द्वारा भगवान परशुराम का जन्मदिन मनाया जाएगा। वहीं सराफा बाजार, इलेक्ट्रॉनिक्स व कपड़ा बाजार भी अक्षय तृतीय पर्व को लेकर सजधज कर तैयार है। कारोबार अच्छा करोबार होने की उम्मीद जता रहे हैं। बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के लिए भी रवाना हुए। जगह-जगह प्रसाद वितरित किया जाएगा और धार्मिक कार्यक्रम भी होंगे।
वैशाख शुक्ल तृतीया तीन मई को अक्षय तृतीय का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन रोहणी नक्षत्र, रवि योग व शोभन योग, वृषभ राशि का संयोग बन रहा है, जो विशेष फलदायी होगा। तृतीया तिथि मंगलवार की सुबह पांच बजकर 15 मिनट से शुरू होकर बुधवार सात बजे तक रहेगी। श्रेष्ठ पूजा का मुहूर्त दोपहर को 12 बजकर पांच मिनट पर होगा। उन्होंने बताया कि नक्षत्र योग के हिसाब से मुहूर्त पूरे साल सौहार्द देने वाला होगा। अक्षय तृतीय पर कई दशकों बाद दो ग्रह उच्च राशि में विद्यमान रहेंगे।
- आचार्य सुरेंद्रनाथ चतुर्वेदी, धर्माचार्य
अक्षय तृतीया पर होगा करोड़ों का कारोबार
मंगलवार को अक्षय तृतीया पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है। इस दिन किया गया दान-पुण्य कभी क्षय नहीं होता है। इस दिन जिलेभर में शादी विवाह की धूम रहेगी। बैंड, बाजा और फूल कारोबारियों को फुर्सत तक नहीं है। होटल और मैरिज होम सब बुक हो गए हैं। इस दिन अबूझ मुहूर्त भी है, इसलिए सराफा, इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़ा आदि वस्तुओं का करोड़ों रुपये का कारोबार होने की उम्मीद है। वहीं ईद भी बाजार में रौनक बढ़ाने का काम कर रही है।
अक्षय तृतीया से कारोबार में इजाफा हुआ है। शादी, विवाह के लिए खरीदारी भी हो रही है। गर्मी की वजह से लोग सुबह और शाम को घरों से निकल रहे हैं। चर्चित धारावाहिकों के कलाकारों से संबधित सूट व साड़ियां ग्राहकों को सबसे ज्यादा पसंद आ रही हैं।
-बृजबिहारी अग्रवाल, रेडीमेड गारमेंट्स कारोबारी।
मंगलवार को भगवान परशुराम का जन्मदिन है। इस दिन भगवान का पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। एक लाख आहुतियों के साथ शहर के आगरा रोड स्थित प्रयाग गार्डन में हवन का आयोजन होगा। सुबह सात बजे दोपहर एक बजे तक हवन का कार्यक्रम होगा। उसके बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा। जिले के सभी विप्र बंधु कार्यक्रम में शामिल हों।
-शरद उपाध्याय नंदा, अध्यक्ष परशुराम शोभायात्रा।
सोने के रेट में 300 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई है। सोमवार को 53 हजार चार सौ रुपये प्रति 10 ग्राम व चांदी साढ़े 65 हजार रुपये पर है। अक्षय तृतीय के पर्व पर इस बार कारोबार अच्छा रहने की उम्मीद है।
-मोहनलाल अग्रवाल, अध्यक्ष सराफा एसोसिएशन