संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कोतवाली सदर इलाके से लापता हुई किशोरी को पुलिस ने नौ दिन बाद बरामद कर लिया। उसे एक युवक बहलाकर ले गया था। किशोरी ने कोर्ट में दिए बयानों में दुष्कर्म की बात कही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन पीड़िता के पिता ने विवेचक पर आरोपी को अब तक बचाने का आरोप लगाया है।
किशोरी को तरफरा निवासी साहिल बहला-फुसलाकर 10 अगस्त को ले गया था। अगले दिन किशोरी के पिता ने कोतवाली सदर में साहिल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। 12 अगस्त को किशोरी को पुलिस ने बरामद कर लिया। जब किशोरी के कोर्ट में बयान हुए तो उसने अपने साथ दुष्कर्म होने की बात कही।
बृहस्पतिवार को पुलिस ने आरोपी को दुष्कर्म और पॉक्सो की धारा में जेल भेज दिया है मगर किशोरी के पिता ने विवेचक पर आरोपी को बचाने का आरोप लगाया है। पिता का आरोप है कि किशोरी के थाने आने के बाद विवेचक अयूब खां ने खुद बयान दर्ज किए, जबकि महिला अधिकारी को उसके बयान दर्ज करने चाहिए।
पिता ने विवेचक पर किशोरी को धमकाने का आरोप लगाया है। विवेचक के धमकाने के कारण ही उसकी बेटी ने डॉक्टरी परीक्षण कराने से इंकार कर दिया। पीड़िता के पिता ने इसकी शिकायत एसपी से की है। विवेचक उप निरीक्षक अयूब खां का कहना है कि बयानों के धारा दुष्कर्म व पोक्सो की धारा बढ़ाकर आरोपी को जेल भेज दिया है। पता नहीं क्यों किशोरी का पिता शिकायत कर रहा है।