संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
एक अज्ञात महिला द्वारा फोन पर ऋण का प्रलोभन देकर शहर के ही रहने वाले व्यक्ति से 99999 रुपये ठग लिए। मामला जब साइबर सेल की टीम के पास पहुंचा तो मामले में छानबीन शुरू हुई। जिसके बाद पीड़ित के खाते में 99 हजार 999 रुपये वापस आ गए। जिससे वह काफी खुश हुआ और पुलिस ने धन्यवाद बोला।
कोतवाली सदर इलाके के मोहल्ला बाला पट्टी निवासी राजकुमार शर्मा पुत्र हरीओम शर्मा के पास एक अज्ञात युवती ने फोन कर कहा कि हमारी कंपनी ऋण दे रही है। इसके लिए आपको पीएनबी मेटलाइफ से एक लाख की पॉलिसी करानी होगी।
जिसके तहत उन्होंने प्रार्थी से पीएनबी मेटलाइफ सुपर सेवर प्लान के नाम पर राजकुमार शर्मा के खाते से 99999 रुपये फ्रॉड कर अपने खाते में डलवा लिए। 24 जुलाई राजकुमार शर्मा पुत्र हरीओम शर्मा निवासी बालापट्टी ने साइबर सेल कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
साइबर सेल टीम की सक्रियता से 17 अगस्त को राजकुमार शर्मा के 99999 रुपये वापस आ गए। इस पर उन्होंने साइबर सेल टीम निरीक्षक ऋषि पाल सिंह, एसआई सत्यपाल साइबर, मोहित कुमार और आलोक कुमार की प्रशंसा की।