न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक मुख्य विकास अधिकारी आरबी भास्कर की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत उपलब्ध धनराशि एवं व्यय, फेस-2 के अंतर्गत शौचालयों एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी जीडी जैन ने बताया कि लक्षित 397 ग्राम पंचायतों में 6515 शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके सापेक्ष 806 शौचालयों की जियो टैगिंग हुई। 430 खातों में पैसा ट्रांसफर नहीं हो पाया है। मुख्य विकास अधिकारी ने रिजेक्ट खातों के संबंध में संबंधित बैंकर्स से संपर्क करते हुए केवाईसी पूर्ण कर तत्काल भुगतान कराते हुए रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि सामुदायिक शौचालय निर्माण हेतु विकास खंड मुरसान की ग्राम पंचायत हतीसा एवं सुसावली में भूमि उपलब्ध नहीं है।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्टे संबंधित समस्त पत्रावली उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निर्मित सामुदायिक शौचालयों के संचालन हेतु स्वयं सहायता समूहों को हैंड ओवर करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान समिति के सदस्यों की सर्वसम्मति से लंबित भुगतानों को कराने एवं आवश्यक स्टेशनरी, उपकरणों को जैम पोर्टल के माध्यम से क्रय करने की अनुमति प्रदान की गई। संवाद