न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिले के लोगों के लिए इस साल कोहरे में मथुरा-बरेली मार्ग पर आवागमन में परेशानी होगी। दो साल बाद भी सोखना पुलिया चौड़ीकरण का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। ब्लैक स्पॉट के हालत जस के तस बने हुए हैं। करीब ढाई करोड़ रुपये की लागत से चौड़ीकरण का काम होना है।
उल्लेखनीय है कि एक तरफ सरकार सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए लगातार सड़क सुरक्षा सप्ताह व अन्य कार्यक्रमों के जरिये जागरूक कर रही है। वहीं दूसरी ओर मार्गों के निर्माण में कोशिश यह की जा रही है कि मार्ग में ज्यादा घुमावदार मोड़ न दिए जाएं। जिले में ब्लैक स्पॉट खत्म नहीं हो पा रहे हैं। मथुरा रोड पर करवन नदी की पुलिया के चौड़ीकरण तो पूर्व में हो गया है। अति व्यस्ततम मार्ग मथुरा-बरेली मार्ग पर सोखना पुलिया का दो साल बाद चौड़ीकरण का काम पूरा नहीं हुआ है।
इस कारण कोहरे में लोगों को गंतव्य की दूरी तय करने में मुश्किलों से जूझना पड़ेगा। अधिशासी अभियंता राजेश कुमार का कहना है कि ठेकेदार की तबियत खराब हो गई थी। उसे डेंगू हो गया था। जल्द पुलिया चौड़ीकरण के कार्य को शुरू कराया जाएगा।