न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सहपऊ (हाथरस)
कस्बा के मुख्य बाजार में दो किशोर चोरों ने एक सराफा व्यापारी से पर्स सहित तीन जोड़ी बिछुआ पार कर दिए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों किशोर चोरों के फुटेज साफ दिख रहे हैं। हालांकि, व्यापारी ने कोतवाली में कोई शिकायत नहीं की है।
जानकारी के मुताबिक, कस्बा के मुख्य बाजार में धर्मवीर ज्वैलर्स नाम की दुकान है। रविवार की सुबह धर्मवीर के बड़े पौत्र नितेश वर्मा घर से पर्स में तीन जोड़ी बिछुआ लेकर आया और शटर के पास रखकर बात करने लगा। उसी समय एक बाइक पर दो किशोर आए और दुकान की फर्श पर रखा पर्स उठाकर उसमें से बिछुआ निकाल कर नितेश के साले को बेचने लगे।
उसके साले ने बिछुआ खरीदने से मना कर दिया। दोनों किशोर वहां से दूसरी दुकान पर चले गए। दोनों के चले जाने के बाद नितेश को पता चला कि उसका बिछुआ गायब है। सीसीटीवी फुटेज में देखने पर पता चला कि उक्त दोनों किशोर ही पर्स से बिछुआ निकाल कर ले गए हैं। सूचना पर मौके पर पुलिस भी पहुंची लेकिन व्यापारी ने इस घटना की कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी है। संवाद