न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोतवाली चंदपा क्षेत्र के एक गांव में ट्यूबवेल पर पानी पीने गई किशोरी से ट्यूबवेल स्वामी ने छेड़छाड़ कर दी। उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। उसके चंगुल से छूटकर किशोरी अपनी मां के पास पहुंची। पीड़ित परिजनों ने पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद परिजन सीओ सादाबाद के पास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी दी। अब पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
चंदपा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी 14 अक्तूबर को अपनी मां के साथ खेत गई थी। प्यास लगने पर नाबालिग किशोरी ने पानी पीने की बात अपनी मां से कहीं। किशोरी जैसे ही ट्यूबवेल पर पानी पीने के लिए गई। वहां पहले से मौजूद एक व्यक्ति ने किशोरी को जबरन पकड़ लिया और ट्यूबवेल के कमरे में ले जाने लगा। किशोरी किसी तरह व्यक्ति के चंगुल से निकलकर अपनी मां के पास पहुंची और पूरे मामले की जानकारी मां को दी।
महिला जब विरोध करने के लिए गई तो उसने जातिसूचक शब्दों से महिला को अपमानित किया और धमकी दी कि कहीं भी शिकायत कर दे। पुलिस तो हमारी है। महिला का आरोप है कि रिपोर्ट दर्ज न होने पर उसने सीओ सादाबाद ब्रह्मसिंह के यहां प्रार्थना पत्र दिया। अब सीओ सादाबाद के निर्देश पर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, पाक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज है। संवाद