न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
वित्तीय वर्ष की समाप्ति के साथ ही मनरेगा से हुए कार्यों का तकनीकी मूल्यांकन पूरा कराने को लेकर निर्देश जारी कर दिए गए हैं। परियोजना निदेशक (पीडी) ने मस्टरोल के सापेक्ष लंबित भुगतानों को जल्द से जल्द तकनीकी मूल्यांकन के बाद कराने के निर्देश दिए हैं।
मनरेगा के तहत ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्य कराए गए हैं। कार्य शुरू होने से पूर्व मस्टरोल जारी किया जाता है। इसमें मनरेेगा से होने वाले कार्य का पूरा ब्योरा, जॉब कार्डधारकों के नाम आदि को फीड किया जाता है। मनरेगा में कार्य करने वाले मजदूरों को मस्टरोल में उपस्थिति के आधार पर ही भुगतान किया जाता है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर मस्टरोल के सापेक्ष लंबित भुगतानों को तेजी से पूरा करने के निर्देश जारी किए हैं।
पीडी एके मिश्र ने बताया कि मस्टरोल के सापेक्ष कार्यों का तकनीकी मूल्यांकन कराने के लिए तकनीकी सहायकों को निर्देश दे दिए गए हैं, जिससे लंबित भुगतान को जल्द से जल्द किया जा सके। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को दिए गए कार्यों की रिपोर्ट भी तलब कर ली गई है। संवाद