न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद विधायक व पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय की शिकायत पर सिंचाई खंड शाखा हाथरस और ठेकेदारों की मिलीभगत व अनियमितता के मामले की जांच शासन ने अधीक्षण अभियंता मध्य गंगा नहर निर्माण मंडल मंडल मुरादाबाद को सौंपी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों विधायक सादाबाद रामवीर उपाध्याय ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व प्रमुख सचिव सिंचाई को पत्र लिखकर सिंचाई खंड शाखा के अधिकारियों एवं ठेकेदारों की शिकायत की थी।
शिकायत में उन्होंने कहा था कि इन अधिकारियों व ठेकेदारों की मिलीभगत के चलते रजवाहा व माइनरों की सफाई में काफी अनियमितता बरती गई है, इसलिए इसकी जांच कराई जाए। अब शासन द्वारा जांच कमेटी गठित कर दी गई है। इसमें एसई मध्य गंगा नहर निर्माण मंडल मुरादाबाद को जांचकर्ता बनाया गया है। पूर्व मंत्री ने जल्द से जल्द जांच पूरी कर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा है।