संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश के बैनर तले चौथे दिन भी अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं धरना प्रदर्शन जारी रहा। सीएमओ कार्यालय पर सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक जिले भर से आए एनएचएम स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी जायज मांगों को लेकर नारेबाजी कर धरना प्रदर्शन किया।
इसकी वजह से स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित रहीं। इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सीएससी, पीएचसी एवं वैक्सीनेशन सेंटर खाली पड़े रहे। हड़ताल के चलते मरीजों को भटकते हुए देखा गया। जिले के संविदा स्वास्थ्य कर्मी पिछले कई दिन से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर सीएमओ ऑफिस परिसर में धरना प्रदर्शन कर रहे हैं।
चौथे दिन भी एएनएम स्टाफ नर्स, आशा, आरबीएसके के डॉक्टर एवं स्टाफ सीएचओ, टीबी कर्मचारी, डीपीएम यूनिट, डाटा ऑपरेटर एवं आयुष डॉक्टर जोश के साथ धरना स्थल पर डटे रहे। धरना प्रदर्शन एनएचएम के अध्यक्ष डॉ. सतीश कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. संदीप त्यागी और महासचिव डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में हुआ।
इन लोगों ने फिर दोहराया कि सरकार उनकी मांगों को नहीं मानेगी तो दो या तीन दिनों में मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इधर, इस हड़ताल के चलते स्वास्थ्य विभाग की इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर सीएससी, पीएचसी एवं वैक्सीनेशन सेंटर खाली पड़े रहे।
मरीजों को भटकते हुए देखा गया। वहीं, सपा के जिला कोषाध्यक्ष मुहर सिंह धरना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने इन कर्मियों की मांगों को जायज बताया और आश्वासन दिया कि 2022 में सपा की सरकार बनने पर इन मांगों को पूरा किया जाएगा।