संवाद न्यूज एजेंसी, सहपऊ/सादाबाद।
मतगणना को लेकर रालोद सपा गठबंधन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गठबंधन के नेता पुराने दिग्गज अभिकर्ताओं पर ही भरोसा कर रहे हैं। इसके लिए पुराने कार्यकर्ताओं से संपर्क साधा जा रहा है। मतगणना एजेंटों को खास निर्देश दिए जा रहे हैं कि वह हर मत पर बारीकी से नजर रखें।
इसके लिए उन्हें टिप्स भी दिए जा रहे हैं। उनको बताया जा रहा है कि वह आपत्ति दर्ज कराने में किसी भी तरह का संकोच न करें। साथ ही उनको मतगणना स्थल आखिरी समय तक नहीं छोड़ना है। मतगणना एजेंट बनाने में इस बार किसी तरह की लापरवाही न होने पाए, इसके लिए अभी से ही तैयारियां शुरू हो गईं हैं।
सादाबाद विधानसभा सीट पर गठबंधन प्रदीप चौधरी एवं भाजपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय के मध्य कांटे मुकाबला है। इसलिए मतगणना के दौरान हर मत पर नजर रखना जरूरी है। रालोद-सपा गठबंधन ने मतगणना के पुराने दिग्गजों को तलाशना शुरू कर दिया है।
ये देखा जा रहा है कि एजेंट बनने वाले के पास कम से कम पिछले तीन चुनाव का अनुभव होना चाहिए। किसी भी नए कार्यकर्ता को इस बार मतगणना एजेंट नहीं बनाया जा रहा है। दोनों दलों के साथ अन्य दलों ने तो विधानसभा क्षेत्रवार अपने मतगणना एजेंटों की सूची भी तैयार कर ली है। उन्हें मतगणना की बारीकियों को समझाया जा रहा है। हर मत पर नजर रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं। ज्यादातर दल पुराने दिग्गजों पर भरोसा जता रहे है।