हाथरस : केएल जैन इंटर कॉलेज में बने स्ट्रांग रूम का निरीक्षण करते एसपी विनीत जायसवाल।
- फोटो : SASNI
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने कस्बा के केएल जैन इंटर कॉलेज में बनाए गए पंचायत चुनाव की मतपेटिकाओं के स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया।
एसपी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था में लगे पुलिस कर्मियों की उपस्थित चेक की। सुरक्षा ड्यूटी में लगे सभी सुरक्षा कर्मियों से कहा कि हर समय ड्यूटी पर मुस्तैद रहें। किसी भी बाहरी व्यक्ति को स्ट्रांग रूम के आसपास नहीं आने दें। सभी सुरक्षा कर्मियों को निर्देशित किया कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पूरी गंभीरता से अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। सभी उच्चाधिकारियों के मोबाइल नंबर अपने पास रखने और किसी भी समस्या के लिए तुरंत अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश दिए। स्ट्रांग रूम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों और डीबीआर बॉक्स हार्ड डिस्क की स्थिति की जानकारी ली। अग्नि सुरक्षा उपकरणों को भी चेक किया गया।
सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्ट्रांग रूम की निगरानी करने और स्ट्रांग रूम के तालों की सील समय-समय पर चेक करने के निर्देश दिए। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में लगे अधिकारी और कर्मचारियों को कोरोना के नियमों का पालन करते हुए बचाव के लिए सैनिटाइजर, मास्क और फेसशील्ड का प्रयोग करते हुए पूरी सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए।