न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
भीषण गर्मी में शहर के बाशिंदे पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। वार्ड संख्या 17 के कई घरों में अभी अमृत योजना के तहत पानी के कनेक्शन नहीं लगे हैं। छह इंडिया मार्क टू नल खराब पड़े हैं। बिजली कटौती की वजह से भीषण गर्मी में लोगों को और ज्यादा पानी जुटाने के लिए मशक्कत करनी पड़ती है। इसकी वजह यह है कि बिजली गुल होने पर सबमर्सिबल भी नहीं चल पाती। कुल मिलाकर इस वार्ड के करीब चार हजार लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि हर घर तक शुद्ध पानी पहुंचाने के उद्देश्य से सरकार ने अमृत योजना के तहत शहर में सैकड़ों किमी पाइप लाइन डलवाई है। खास बात यह है कि वार्ड संख्या 17 के कुछ इलाकों में अभी तक पानी की लाइन नहीं बिछाई गई है। कुछ इलाकों में लोगों को पानी के कनेक्शन नहीं दिए गए हैं। वहीं दूसरी ओर वार्ड में 15 हैंडपंप है। इसमें से छह हैंडपंप खराब हैं। इस कारण वार्ड के करीब चार हजार लोगों को पानी के संकट से जूझना पड़ रहा है। संवाद
हमारे वार्ड में अमृत योजना के तहत पाइप लाइन भी नहीं डली है। हैंडपंप भी खराब हैं। इस कारण पीने के पानी तक के लिए मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है।
-मेघश्याम अग्रवाल
चिलचिलाती गर्मी में पानी के लिए काफी मुश्किलों से जूझना पड़ रहा है। घास मंडी से रोडवेज बस स्टैंड तक पाइप लाइन डालने के साथ कनेक्शन दिए जाएं।
-राजू चौधरी
गर्मी में लोगों का हाल बेहाल है। दूसरी ओर अधिकांश हैंडपंप खराब हैं। बिजली भी आए-दिन गुल हो जाती है। पीने के लिए पानी तक मुश्किल से मिल पा रहा है।
- राहुल वार्ष्णेय
मेरे वार्ड में 15 हैंडपंप हैं। इनमें से छह हैंडपंप खराब हैं। घास मंडी से बस स्टैंड तक अमृत योजना के तहत जो पाइप लाइन नहीं डली है। वार्ड के लोगों को पानी के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ती है।
- विनोद प्रेमी, सभासद
नगर पालिका द्वारा गर्मी को ध्यान में रखते हुए शहर के वार्डों में हैंडपंपों की रिबोरिंग व मरम्मत का काम किया जा रहा है। जिन इलाकों में ज्यादा परेशानी है, वहां के सभासद बताएं, ताकि जल्द से जल्द समस्या को दूर कराने के प्रयास हों।
-सोमप्रकाश, सहायक जलकल संस्थान