न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में श्रम विभाग, कौशल विकास मिशन और जिला सेवायोजन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक लोगों को इनसे लाभान्वित कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने सहायक जिला सेवायोजन अधिकारी रिपुदमन सिंह को जिले में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों में बड़ी-बड़ी कंपनियों को अधिक से अधिक संख्या में आमंत्रित कराने के निर्देश दिए। मेलों का आयोजन कराने से पूर्व इनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और इनसे संबंधित बैनर, पंपलेट, होर्डिंग्स लगवाए जाएं। डीएम ने मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों के साथ वर्चुअल माध्यम से बैठक कराने के भी निर्देश दिए।
कौशल मिशन विकास मिशन के तहत जनपद में हेल्थ केयर स्किल डेवलपमेंट कोर्स के बारे में जानकारी करने पर प्रधानाचार्य आईटीआई ने बताया कि कौशल मिशन विकास मिशन के तहत जिले में हेल्थ केयर स्किल के तहत छह स्किल डेवलपमेंट कोर्स शुरू किए जाने हैं। इसके तहत 330 छात्रों को हेल्थ केयर के तहत प्रशिक्षण दिलाने का लक्ष्य दिया गया है।
प्रशिक्षण के पश्चात तीन माह तक सरकारी अस्पतालों में ऑन जॉब ट्रेनिंग दी जाएगी। भारत सरकार द्वारा प्रशिक्षण के लिए केंद्र का आवंटन करने के पश्चात प्रशिक्षण प्रारंभ किया जाएगा। 18 जून 2021 को मुख्यमंत्री द्वारा योजना का शुभारंभ किया जाएगा। श्रम विभाग द्वारा संचालित समस्त प्रकार की योजनाओं की समीक्षा डीएम ने की। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत संचालित विभिन्न हितकारी योजनाओं, प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना, असंगठित कर्मकार सुरक्षा अधिनियम 2008 योजना की प्रगति से अवगत कराया गया।
श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने बताया कि बोर्ड के अंतर्गत वित्तीय वर्ष के प्रारंभ से अब तक कुल 2007 श्रमिकों का पंजीकरण एवं विभिन्न हितकारी योजनाओं में कुल 5910 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं। डीएम ने असंगठित कर्मकार सुरक्षा अधिनियम 2008 के अंतर्गत अधिक से अधिक असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों का पंजीयन किए जाने के लिए श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देशित किया।