न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
मंगलवार की शाम को आई आंधी से जगह-जगह बिजली की लाइन व खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बुधवार को बिजली न मिलने से नाराज न्यू साकेत कॉलोनी के लोगों ने प्रगतिपुरम सबस्टेशन का घेराव कर नारेबाजी करते हुए विद्युत विभाग का पुतला दहन किया।
आंधी से शहर के नगला भूरा रोड पर तीन खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। लोगों ने बुधवार की दोपहर तक बिजली आपूर्ति सुचारु होने का इंतजार किया। जब बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हीं हुई तो न्यू साकेत कॉलोनी व नगला भूरा रोड के लोगों का सब्र का बांध टूट गया।
लोगों ने प्रगतिपुरम सबस्टेशन का घेराव बिजली विभाग का पुतला दहन किया। इधर, आंधी से नगला अलगर्जी में भी बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इसके अलावा कई स्थानों पर बिजली गायब रही। प्रदर्शन करने वालों में सूरज, अभिषेक, चंद्रपाल, सावित्री देवी, उमेश ठाकुर, राधारानी, विमलेश, गनेशी, कमलेश, गायत्री आदि थे।
मंडी समिति व सिद्धार्थनगर में टूटा पेड़
आंधी से मंडी समिति में बरगद का पेड़ गिर गया। वहीं शहर के सिद्धार्थ नगर में एक नीम का पेड़ मंदिर पर गिर गया। जिससे मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि दोनों स्थानों पर जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ।