कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते डीएम। संवाद
- फोटो : HATHRAS
संवाद न्यूज एजेंसी, हाथरस।
कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व संबंधी एवं तहसील स्तर पर लंबित कार्यों की डीएम रमेश रंजन ने समीक्षा की। डीएम ने कहा कि खनन के संबंध में लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही है। पिछले दिनों जहां-जहां पर खनन हुआ है, संबंधित भूमि मालिक को नोटिस जारी करते हुए उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। खनन कार्यों में लिप्त वाहन चालकों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई करने के साथ-साथ वाहन जब्त किए जाए।
डीएम ने कहा कि जो भी व्यक्ति अपने निजी उपयोग के लिए मिट्टी निकालना चाहता है तो वह ऑनलाइन आवेदन करने के बाद मिट्टी निकाल सकता है। उन्होंने सभी एसडीएम व तहसीलदारों को मत्स्य पालन, कुम्हारी कला एवं अन्य कार्यों के लिए तालाबों के पट्टों के लंबित प्रकरणों को तत्काल पूर्ण करते हुए आवंटित करने के निर्देश दिए।
मौके पर जाकर सरकारी जमीनों पर हुए अवैध अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है उसे तत्काल हटाने एवं आवश्यकता पड़ने पर संबंधित के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाए।