न्यूज डेस्क, अमर उजाला, सासनी (हाथरस)
शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस एवं पैरामिलिट्री फोर्स के जवानों ने सहपऊ थाना क्षेत्र के कस्बों, मोहल्लों में फ्लैग मार्च किया। सादाबाद क्षेत्राधिकारी ब्रह्म सिंह एवं कंपनी कमांडर एसएन राय, प्लाटून कमांडर कुलदीप चंद्र के नेतृत्व जवानों ने लोगों को सुरक्षा का अहसास दिलाया। इस दौरान लोगों से अधिक से अधिक संख्या में बाहर निकलकर मतदान करने की अपील की गई।
टीम ने कस्बा सहपऊ, धर्मशाला, होलीगेट, बुढ़ाइच, मानिकपुर, सलेमपुर, कोकना कलां, रसगवां, भुकलारा, चिंतागढ़ी, नगरिया, उधैना, दौहई, बागवधिक, महरारा, सेदरिया, धाधऊ, गुतहरा, सिकरा, नगला ब्राह्मण, तामसी, थरौरा, पयूरा, मढाका, खोड़ा, नगला बिहारी, नगला मौजी, नगला मेवा में फ्लैग मार्च किया। अधिकारियों ने लोगों से भयमुक्त होकर मतदान करने की अपील की।
सीओ ने कहा कि चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर है। किसी तरह की अफवाह न फैलाएं, न फैलने दे, अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर भी पुलिस नजर रख रही है। उन्होंने लोगों से सौहार्द बनाए रखते हुए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की सूचना या अफवाह की जानकारी तुरंत थाना स्तर पर या यूपी 112 को दें। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करें। संवाद