न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
सादाबाद सीट पर मतगणना के दौरान काफी देर तक पेंच फंसा रहा। मतगणना फिर से कराए जाने के लिए भाजपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय के अभिकर्ता विनोद उपाध्याय ने प्रार्थना पत्र दिया लेकिन इसे आरओ ने खारिज कर दिया। इस वहां रालोद प्रत्याशी प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भी वहां आ गए और उन्होंने भी डीएम से मिलकर गड़बड़ी की आशंका जताई। बाद में मतगणना के आधार पर प्रदीप उर्फ गुड्डू चौधरी को विजयी घोषित कर दिया गया।
सादाबाद सीट पर मतगणना के दौरान शुरू में पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय आगे रहे तो बाद में रालोद के प्रदीप उर्फ गुड्डू चौधरी आगे निकल गए। जब यहां भाजपाइयों ने यह देखा तो अब सीट खतरे में है तो भाजपा के कई पदाधिकारी मतगणना स्थल के बाहर तक आ गए, लेकिन प्रशासन ने इन्हें अंदर नहीं जाने दिया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी रामवीर उपाध्याय के भाई व उनके अभिकर्ता विनोद उपाध्याय ने मतगणना के बाद उन्हें मतगणना कराए जाने को लेकर एक प्रार्थना पत्र दिया। इस प्रार्थना पत्र में उन्होंने कहा कि मतगणना के दौरान काफी मतपत्र को रिजेक्ट किया गया है।
वहीं मतगणना के दौरान कई परेशानियां हुई हैं। इस बारे में आरओ ने माइक के जरिये कहा कि जो भी आरोप लगाए गए थे, वो सभी आरोप लिखित रूप से निराधार पाए गए हैं, इसलिए आपकी जो लिखित शिकायत थी, उसे खारिज कर दिया गया है। हमारी मतगणना निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देश के क्रम में की गई है। किसी भी स्थिति में मतगणना आयोग के निर्देशों के विपरीत नहीं गई है। पूरी मतगणना चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत प्रेक्षक के समक्ष हुई है। इसके अतिरिक्त प्रत्येक राउंड में जो भी रिजल्ट घोषित किया जा रहा था, वह टेबल पर उपस्थित सभी एजेंट्स के हस्ताक्षर कराने के बाद ही किया गया। उस समय किसी भी एजेंट द्वारा कोई भी आपत्ति दर्ज नहीं की गई। जो भी मतगणना हुई है व ईमानदारी से हुई है। इस शिकायत को खारिज किया गया है। संवाद