न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
कोरोना काल में रोडवेज बसों का संचालन करने वाले कर्मियों के लिए राहत भरी खबर है। बीते दिनों कोविड की जांच के लिए की गई रेपिड टेस्टिंग के बाद अब 77 कर्मियों के नमूनों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। प्रवासियों को घर पहुंचाने और बसों के संचालन के लिए रोडवेज कर्मियों का डर अब दूर हो गया है। इससे रोडवेज प्रशासन ने भी राहत की सांस ली है।
उल्लेखनीय है कि हाथरस डिपो में वर्तमान में 63 बसों का संचालन चालक-परिचालकों द्वारा किया जा रहा है। इससे पूर्व चालक-परिचालकों ने प्रवासी मजदूरों को बलरामपुर, लखनऊ आदि जिलों में पहुंचाया। जब से आज तक इन कर्मियों की स्वास्थ्य विभाग ने टेस्टिंग नहीं की।
बीते दिनों एआरएम शशी रानी से सीएमओ को पत्र लिखकर कर्मियों की कोरोना की टेस्टिंग की मांग की थी। कुछ दिनों पूर्व हाथरस डिपो के 77 कर्मियों की रेपिड टेस्टिंग की गई। अब उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इससे चालक-परिचालक और कर्मी काफी राहत महसूस कर रहे हैं। एआरएम शशीरानी का कहना है बीते दिनों 77 कर्मियों की रेपिड टेस्टिंग हुई थी। इन सभी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। वैसे स्वास्थ्य विभाग ने रिपोर्ट तो नहीं दी है। हालांकि एक कागज पर यह लिखकर दे दिया है सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है।