न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
बृज क्षेत्र के प्रसिद्ध लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज के आयोजन पर भी कोरोना महामारी का साया नजर आ रहा है। इस बार मेले का आयोजन नहीं हो सकेगा। जिला प्रशासन इस बार कोरोना को देखते हुए भीड़ एकत्रित करने के मूढ में नहीं हैं। इस कारण अभी तक मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन भी कोई रूपरेखा तैयार नहीं कर रहा है। जिला प्रशासन का कहना है कि हालांकि गणेश चतुर्थी व देवछठ पर होने वाले धार्मिक अनुष्ठान पूर्व की भांति ही सोशल डिस्टेंसिंग व कम लोगों की मौजूदगी में हो सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रतिवर्ष बृज क्षेत्र का प्रसिद्ध लक्खी मेला श्रीदाऊजी महाराज का आयोजन किया जाता है। यह मेला किला परिसर में लगाया जाता है। 15 दिन तक लगने इस प्रसिद्ध लक्खी मेले में धार्मिक, सामाजिक व सांस्कृतिक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। यहां तक इस मेला परिसर में सभी समाजों के शिविर भी लगते हैं और समाज के बने शिविरों में भी कार्यक्रम आयोजित होते हैं। इस मेले में प्रतिदिन करीब पांच से 10 हजार लोग आते हैं और विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं।
इस मेले में झूले, सर्कस, खाने पीने के सामान की स्टॉल सहित तमाम स्टॉल लगते हैं। इस मेले के आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की ओर से भी पूरी रूपरेखा तैयार की जाती है। कार्यक्रमों के संयोजक से लेकर मेले का ठेका उठाने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होती है। इस बार कोरोना महामारी के चलते जिला प्रशासन की ओर से अब तक मेला श्रीदाऊजी महाराज को लेकर तैयारियों को शुरू नहीं किया गया है। जिला प्रशासन कोरोना को देखते हुए मेला में भीड़ एकत्रित करने से सहमा हुआ है। अब तक स्थिति के अनुसार जिला प्रशासन मेला कराने की स्थिति में नहीं हैं। इस कारण अभी तक जिला प्रशासन की ओर से कोई भी बैठक या कार्यक्रमों के संयोजकों से आवेदन व अन्य प्रक्रियाओं को शुरू नहीं किया गया है।
कोरोना को देखते हुए मेले में भीड़ एकत्रित किए जाने की स्थिति नहीं हैं। मेला का आयोजन नहीं हो सकेगा। हालांकि गणेश चतुर्थी, देव छठ व अन्य धार्मिक अनुष्ठान मंदिर में सोशल डिस्टेंसिंग व अन्य नियमों का पालन करते हो सकेंगे।
-प्रवीण कुमार लक्षकार, डीएम