हाथरस : बुर्ज वाला कुआं इलाके में टूटी पड़ी सड़क। संवाद
- फोटो : HATHRAS
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हाथरस
अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डालने के लिए शहर की मुख्य सड़कों की खोदाई की जा रही हैं। ऐसे में सड़क के मुख्य बाजारों की सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हो रही है। उल्लेखनीय है कि होली के बाद शहर में लगातार सभी समाज के लोग शोभायात्रा व रथयात्रा निकालते हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते है। ऐसे में खराब सड़कों की वजह से इन शोभायात्रा और रथयात्राओं को भ्रमण कराने में दिक्कत हो सकती है। इसे लेकर नगर पालिकाध्यक्ष ने डीएम को पत्र भी लिखा है। नगर पालिकाध्यक्ष ने कहा है इन सड़कों पर रथयात्रा व शोभायात्राओं के भ्रमण के दौरान दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी।
अमृत योजना के तहत शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए पाइप लाइन डाली जा रही है। इसके लिए शहर के सभी मुख्य बाजारों, मोहल्लों की सड़कों को खोद दिया गया है, लेकिन इनकी मरम्मत नहीं कराई गई है। इसकी वजह से लोग काफी परेशान हैं। लोगों को आवागमन में तो परेशानी हो रही है। हादसों का भी डर बना हुआ है। इसे लेकर नगर पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा ने डीएम को पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने कहा है कि जल निगम द्वारा अमृत योजना के तहत पेयजल लाइन डाली जा रही है।
इस दौरान कार्यदायी संस्था ने शहर के सभी गली-मोहल्लों व बाजारों की सड़कों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसकी मरम्मत भी उचित तरीके से नहीं की जा रही। उनका कहना है कि अब शहर में कई मेले व शोभायात्राओं का आयोजन होगा। ऐसे में इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। इस स्थिति में आखिर यह शोभायात्राएं और रथयात्राएं कैसे निकलेंगी, यह एक विचारणीय बिंदु है। उन्होंने डीएम से मांग की है कि इन मार्गों की उचित तरीके से मरम्मत कराने के लिए जलनिगम को निर्देशित किया जाए। संवाद