रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से कार्यकर्ताओं के साथ मिलते रालोद छात्र सभा जिलाध्यक्ष इ
- फोटो : SADABAD
संवाद न्यूज एजेंसी, सादाबाद।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय लोकदल छात्र सभा के जिला अध्यक्ष इरफान मलिक ने युवा रालोद कार्यकर्ताओं के साथ रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की। इस दौरान एक दिसंबर से 23 दिसंबर तक निकाली जा रही रोजगार यात्रा को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इरफान मलिक ने बताया कि भाजपा सरकार विद्यार्थियों को रोजगार देने में विफल हो गई है। हाल ही में यूपी टेट का पेपर लीक हो गया है। बड़ी उम्मीद के साथ परीक्षार्थी तैयारी करके गए थे। पेपर की खातिर विद्यार्थियों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर जमीन पर लेटकर ठंड में रात गुजारी थी, लेकिन भाजपा सरकार में पेपर लीक होने से छात्रों की मेहनत पर पानी फिर गया।
इन मुद्दों के अलावा बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में रालोद छात्रसभा द्वारा एक दिसंबर से 23 दिसंबर तक जनजागरण अभियान चलाकर जनता को जागरूक किया जाएगा। इस मौके पर छात्र रालोद के जिला महासचिव योगेश पौनियां, जिला महासचिव रवि चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष (सादाबाद) योगेश पहलवान, मानवेंद्र सिंह, दिनेश दरोगा आदि थे।